



ऋतु पुष्पों से हुआ भोलेनाथ का श्रृंगार, भक्तों की उमड़ी भीड़, नगर निगम परिसर में गूंजे शिव के जयकारे
दुर्ग। नगर निगम परिसर स्थित माँ दुर्गा मंदिर में सावन मास के तीसरे सोमवार को महापौर धीरज बाकलीवाल ने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। यह कार्यक्रम नगर निगम परिसर में लगातार पांच वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। महापौर धीरज बाकलीवाल ने निगम परिवार के साथ मिलकर भगवान शिव का जल, दूध, दही, शहद, और घी से अभिषेक किया। मंत्रोच्चार के साथ हुए इस रुद्राभिषेक के दौरान महापौर ने प्रदेश और शहर की खुशहाली, सामान्य वृष्टि, किसानों की अच्छी फसल, और समाज की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।


इस अवसर पर निगम परिसर में ऋतु पुष्पों से भगवान शिव का दिव्य श्रृंगार किया गया और शिव के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। महापौर के साथ सभापति राजेश यादव, एमआईसी सदस्य दीपक साहू, संजय कोहले, जमुना साहू, मनदीप सिंह भाटिया, और अन्य निगम सदस्य भी पूजा में सम्मिलित हुए।
नगर निगम परिवार द्वारा आयोजित इस पावन अनुष्ठान में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान शिव का पूजन किया और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






