



रायपुर।
मध्यप्रदेश के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार ने भी ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “हमारी सरकार ने ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म इतिहास के उस भयावह सत्य को उजागर करने का अत्यंत सराहनीय और प्रभावशाली प्रयास है, जिसे निहित स्वार्थ के लिए छुपाने का प्रयास किया गया था। फिल्म में तात्कालिक सिस्टम की उस सच्चाई को दिखाया गया है, जिसमें झूठे नैरेटिव फैलाकर सत्य को दबाने का निंदनीय प्रयास किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म दर्दनाक घटना को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनता से अपील की कि वे इस फिल्म को अवश्य देखें, क्योंकि अतीत का अध्ययन ही हमें वर्तमान और भविष्य के बारे में बेहतर मार्गदर्शन दे सकता है।





