भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
वैशाली नगर विधानसभा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक रिकेश सेन के अथक प्रयासों से राज्य सरकार ने विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए 9 करोड़ 11 लाख 51 हजार रुपये की महत्वपूर्ण राशि स्वीकृत की है। इस स्वीकृति के बाद से वैशाली नगर के अनेक वार्डों में हर्ष व उत्साह का माहौल है।
जनता ने व्यक्त किया आभार
विधायक रिकेश सेन ने इस स्वीकृति के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि यह राशि 15वें वित्त आयोग के मिलियन प्लस सिटी अंतर्गत सड़कों के डामरीकरण व पाथवे के निर्माण कार्यों के लिए प्रदान की गई है। इस पहल से निश्चित रूप से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा व नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इन वार्डों में होंगे प्रमुख विकास कार्य
रिकेश सेन ने स्वीकृत कार्यों का विस्तृत विवरण देते हुए बताया कि इस राशि से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। इनमें वार्ड-4 नेहरूनगर पूर्व व नेहरूनगर पश्चिम के डामरीकृत मार्गों का उन्नयन, वार्ड-12 रानी अवंती बाई कोहका भिलाई शिक्षक नगर, वॉलीबॉल ग्राउंड के आसपास व ईदगाह चौक से दादू साहू के घर तक डामरीकरण मार्गों का नवीनीकरण शामिल है।
इसके अतिरिक्त, जोन-01 नेहरूनगर वार्ड-9 राजीव नगर के विभिन्न स्थानों में डामरीकरण, वार्ड-3 विनोबा नगर में मुख्य मार्ग से विनोबा नगर मुक्तिधाम मार्ग के दोनों ओर, रामचंद्र नर्सरी से गायत्री डिपार्टमेंटल मार्ग व सूर्या अपार्टमेंट से शिवाजी चौक तक वृक्षारोपण का कार्य भी किया जाएगा।
वार्ड-6 संजय नगर शिव मंदिर से जोशी च्वाइस सेंटर तक डामरीकृत मार्ग का उन्नयन, वार्ड-13 पुरानी बस्ती कोहका जी-9 टावर से राजा गार्डन व साकेत नगर में डामरीकरण मार्ग का नवीनीकरण, वार्ड-20 वैशाली नगर में शिव मंदिर से विजय तिवारी के घर के सामने तक, सिंधु भवन के सामने व त्रिकोणा पार्क के तीनों तरफ सड़क डामरीकरण जैसे कार्य भी सूची में शामिल हैं।
अन्य प्रमुख कार्यों में वार्ड-25 जवाहर नगर एमआईजी लाइन के आसपास मार्ग का डामरीकरण, जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्रांतर्गत सड़कों का संधारण (पैच) रिपेयर, वैशाली नगर ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में मकान नंबर ईडब्ल्यूएस 215 से पोल नंबर 14/57 10 तक डामरीकृत मार्ग का नवीनीकरण भी होगा।
वार्ड-14 शांति नगर में सड़क 23, 24, 25, 26 व क्रॉस सड़क और पोल नंबर 14/307 से पोल नंबर 14/317 तक व दशहरा मैदान हनुमान मंदिर के सामने से पोल नंबर 14/596 तक सड़क डामरीकरण, वार्ड-29 वृंदा नगर में पोल नंबर 29/326 से रंजना देवी निवास होते हुए चैता मैदान तक डामरीकरण कार्य भी स्वीकृत किया गया है।
जोन-3 क्षेत्रांतर्गत 18 नंबर रोड के शेष भाग में डामरीकरण, जोन-3 अंतर्गत वार्ड-36 श्याम नगर अंतर्गत जलेबी चौक से राजस्थान होटल तक डामरीकरण, नेहरूनगर चौक, सुपेला चौक, चंद्रा मौर्या चौक, पावर हाउस चौक, खुर्सीपार चौक, छावनी चौक व सूर्या मॉल चौक में मार्गों को लेफ्ट फ्री करने का कार्य भी इस राशि से किया जाएगा।
इसके अलावा, नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत जामुल ट्रेचिंग ग्राउंड, इंदु आईटी स्कूल के पीछे व कुरुद एसएलआरएम सेंटर के समीप मियावाकी प्लांटेशन कार्य, यार्ड-11 फरीद नगर, सुंदर नगर, दुबे डेयरी जुनवानी रोड के पीछे व लिम्हा तालाब के चारों ओर पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य, वार्ड-11 फरीद नगर बजरंग पारा में डामरीकृत मार्गों का नवीनीकरण कार्य भी संपन्न होगा।









