-
तमिल संगमम कार्यक्रम के दौरान घटना
-
नशे में धुत था युवक, पुलिस ने दबोचा, मानसिक चिकित्सालय भेजा गया
वाराणसी.
शहर के नमो घाट पर आयोजित ‘तमिल संगमम’ कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के बीच एक युवक सुरक्षा घेरा (Security Cordon) तोड़कर मुख्यमंत्री के मंच की तरफ बढ़ने लगा। हालांकि, वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
शराब के नशे में था युवक
घटना के तत्काल बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने युवक को हिरासत में ले लिया। अपर पुलिस आयुक्त विदूष सक्सेना ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान जोगिंदर गुप्ता के रूप में हुई है। वह वाराणसी सिटी स्टेशन पर पानी बेचने का काम करता है। जांच में सामने आया कि युवक ने बहुत ज्यादा शराब पी रखी थी और वह नशे की हालत में ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गया था।
मानसिक तनाव का चल रहा इलाज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला किसी साजिश का नहीं, बल्कि मानसिक अस्वस्थता का प्रतीत हो रहा है। जोगिंदर गुप्ता मानसिक तनाव से जूझ रहा है और उसका इलाज भी चल रहा है। पूछताछ के दौरान युवक के परिजनों ने भी इस बात की पुष्टि की है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से काफी परेशान है।
अस्पताल में भर्ती कराया गया
सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लेने के बाद युवक की मेडिकल जांच कराई। उसकी मानसिक स्थिति और नशे की हालत को देखते हुए उसे मानसिक चिकित्सालय (Mental Hospital) भेज दिया गया है, जहां चिकित्सक उसकी विस्तृत जांच कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में कोताही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है कि नशे में धुत व्यक्ति वीआईपी जोन के करीब कैसे पहुंचा।









