-
पशु चर्बी के आरोपों के बावजूद चार दिनों में 14 लाख लड्डू बिके
हैदराबाद।
तिरुपति के प्रतिष्ठित लड्डू में पशु चर्बी के कथित इस्तेमाल को लेकर विवाद ने आंध्र प्रदेश में राजनीतिक घमासान खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान इस्तेमाल हुए घी में पशु चर्बी मिली थी। हालांकि, इस विवाद का भक्तों की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है। तिरुपति मंदिर में रोजाना 60,000 से अधिक श्रद्धालु आते हैं, और विवाद के दौरान भी चार दिनों में 14 लाख लड्डू बिके हैं।
लड्डू बनाने में उपयोग की जाने वाली सामग्री में बंगाल चना, गाय का घी, चीनी, काजू, किशमिश और बादाम शामिल हैं। रोजाना 15,000 किलो गाय का घी उपयोग होता है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, 19 से 22 सितंबर तक क्रमशः 3.59 लाख, 3.17 लाख, 3.67 लाख, और 3.60 लाख लड्डू बेचे गए.
वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने चंद्रबाबू नायडू पर ‘धार्मिक मामलों का राजनीतिकरण’ करने का आरोप लगाया और कहा कि टीटीडी घी की गुणवत्ता के कड़े मानदंडों का पालन करता है। राज्य सरकार ने जांच के लिए एक विशेष दल का गठन किया है।









