-
ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् का निर्णय; पहली बार बिलासपुर इकाई करेगी प्रदेश स्तरीय आयोजन, तैयारियां शुरू
बिलासपुर.
उत्कृष्ट ब्राह्मण सामाजिक समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की बिलासपुर इकाई ने आगामी वर्ष एक बड़े धार्मिक आयोजन का निर्णय लिया है। ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् द्वारा 19 फरवरी 2026 को रतनपुर स्थित सिद्धपीठ श्री महामाया देवी मंदिर परिसर में प्रदेश स्तरीय सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय सरकंडा में हुई जिला इकाई की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
रायपुर की तर्ज पर अब बिलासपुर में पहल
बैठक में जानकारी देते हुए जिला सचिव अंजू शर्मा ने बताया कि समग्र ब्राह्मण परिषद् पिछले चार वर्षों से रायपुर स्थित संगठन मुख्यालय में विधि-विधान और शास्त्र सम्मत तरीके से बटुकों का उपनयन संस्कार करा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पहली बार संगठन की बिलासपुर इकाई यह जिम्मेदारी संभाल रही है। 19 फरवरी को होने वाला यह आयोजन पूर्णतः धार्मिक गरिमा और वैदिक परंपराओं के अनुरूप होगा।
संस्कारों के संरक्षण पर जोर
बैठक के दौरान प्रदेश सचिव निलिमा शर्मा और प्रदेश संगठन विस्तार प्रमुख राही दुबे ने वर्तमान समय में संस्कारों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण परिवारों, बालकों और युवाओं तक यज्ञोपवीत और अन्य संस्कारों का महत्व पहुँचाना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। सामूहिक आयोजन से समाज में एकता और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
जनवरी में तय होगी अंतिम रूपरेखा
आयोजन को सफल बनाने के लिए उपस्थित सदस्यों ने आपसी सहयोग की सहमति जताई। निर्णय लिया गया है कि जनवरी 2026 में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की जाएगी, जिसमें उपनयन संस्कार की व्यवस्थाओं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रमा दीवान के निवास पर हुई। इस दौरान जिला संयोजिका विभा पांडेय, स्वाति दीवान, सीमा शर्मा, उर्वशी शर्मा, सरिता तिवारी, श्वेता शर्मा, प्रीति पांडेय, चंद्रकांता गौरहा और इंदु दीवान सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहीं।









