

रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना क्षेत्र में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिवार के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक विष्णु सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, आरोपी विष्णु सोनी, जो नगर निगम सफाई ठेका में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है, ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती की थी। दोस्ती के बाद उसने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे।
अश्लील वीडियो के माध्यम से विष्णु सोनी नाबालिग को ब्लैकमेल करने लगा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब 2 लाख रुपए के गहने वसूल लिए। इसके बावजूद आरोपी बार-बार रुपए की मांग करता रहा। लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर नाबालिग ने अपने परिवार के साथ आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु सोनी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।





