अम्बिकापुर (पंकज शुक्ला)।
मैनपाट क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के युग में भी अंधविश्वास की जड़े ग्रामीण इलाकों में गहरी बनी हुई हैं। छोटी-मोटी बीमारियों या आपदाओं के दौरान ग्रामीण लोग आज भी पारंपरिक और रूढ़िवादी उपायों का सहारा लेते हैं। इसी क्रम में मैनपाट ब्लॉक के ग्राम सुपलगा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आए एक युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही अंधविश्वास के आधार पर इलाज करने का प्रयास किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुपलगा निवासी एक युवक आकाशीय बिजली से गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही पारंपरिक तरीकों से ठीक करने का प्रयास शुरू कर दिया। इसके तहत युवक को घंटों तक गोबर के गड्ढे में गाड़कर रखा गया। हालांकि, इस प्रक्रिया से उसकी हालत और भी बिगड़ गई।
स्थिति खराब होने पर आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।









