- दुर्ग में दो सड़क हादसों में दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग।
दुर्ग जिले में आज सुबह हुए दो बड़े सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सात वर्षीय दुर्गेश्वरी साहू की टैंकर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। दुर्गेश्वरी अपने मामा केवल साहू, मां और भाई के साथ मोटरसाइकिल पर तीज पर्व मनाने कोलिहापुरी जा रही थी। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से चल रहे पानी के टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे सभी दूर जा गिरे।
टक्कर के बाद दुर्गेश्वरी साहू को गंभीर चोटें आईं। पदमनाभपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। आरोपी टैंकर चालक घटना के बाद टैंकर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा अंडा गांव के अटल चौक के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह 8 बजे की है और अंडा थाना पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।









