- छत्तीसगढ़ सरकार की ‘‘नियद नेल्ला नार’’ योजना के तहत कुंदेड़ में स्थापित हुआ नवीन जियो टॉवर
- 4जी नेटवर्क से ग्रामीणों को मिलेगी ऑनलाइन पढ़ाई और इंटरनेट की सुविधा
- पिछले एक वर्ष में सुकमा पुलिस ने 14 स्थानों पर लगाए जियो टॉवर
सुकमा/ कौशल संदुजा
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र कुंदेड़ में सुरक्षा बलों के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप, 20 जुलाई 2024 को नवीन जियो 4जी मोबाइल नेटवर्क की शुरुआत की गई। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन की ‘‘नियद नेल्ला नार’’ योजना के तहत सुरक्षा कैम्पों के आस-पास ग्रामों में 4जी नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
मोबाइल टॉवर के स्थापना के बाद कुंदेड़, जगरगुण्डा, उरसांगल, गोंदपल्ली, दुरनदरभा और आसपास के क्षेत्रों में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर हो गई है। इस सुविधा के शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और स्कूली छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा, इंटरनेट के माध्यम से ग्रामवासी देश-विदेश की जानकारी से अपडेट रह सकेंगे।
सुकमा पुलिस का सतत प्रयास
पिछले एक वर्ष में सुकमा पुलिस ने 14 स्थानों पर जियो 4जी नेटवर्क टॉवर स्थापित किए हैं, जिनमें बाडनपाल, कोत्ताचेरू, पोटकपल्ली, वेलकनगुड़ा, डब्बाकोन्टा, तोण्डामरका, सुर्रेपाल, सिलगेर नाला, जंगमपाल, इडजेपाल, रामाराम, एलारमड़गू और मेखावाया शामिल हैं। इन टॉवरों से स्थानीय ग्रामीणों और सुरक्षा बलों को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त हो रही है।
भविष्य की योजना
सुकमा पुलिस द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से शेष अंदरूनी क्षेत्रों में भी जियो के नवीन टॉवरों की स्थापना का कार्य तेजी से जारी है।







