- अध्ययन प्रवास में सीखी उन्नत निर्माण तकनीकें
- 8 दिवसीय अमेरिका दौरे के दौरान सड़क और भवन निर्माण परियोजनाओं पर किया गहन अध्ययन
रायपुर।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव अमेरिका का आठ दिवसीय अध्ययन प्रवास समाप्त कर 19 सितम्बर को स्वदेश लौटेंगे। वे सेन फ्रांसिस्को से 18 सितम्बर को सुबह 09:05 बजे भारत के लिए रवाना होंगे और भारतीय समय के अनुसार 19 सितम्बर को दोपहर 2:45 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। इस दौरे में उनके साथ लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह भी शामिल थे, जो एशियन डेवलपमेंट बैंक के आमंत्रण पर इस दौरे का हिस्सा बने।
अमेरिका में अपने प्रवास के दौरान अरुण साव ने न्यूयॉर्क, वाशिंगटन, और सेन फ्रांसिस्को में विभिन्न सड़क और भवन निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अमेरिकी निर्माण विशेषज्ञों के साथ बैठक कर बड़ी परियोजनाओं की योजना, डिजाइनिंग, और निर्माण सामग्रियों पर विचार-विमर्श किया। निर्माण तकनीकों और चरणबद्ध तरीकों पर जानकारी लेने के अलावा, साव ने निर्माण स्थल पर कार्यरत कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान दिया।
अरुण साव ने आर्किटेक्ट्स और इंजीनियरों से उन्नत निर्माण सामग्री, धातु, और मशीनरी के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने इस तकनीकी ज्ञान को छत्तीसगढ़ में लागू करने की योजना बनाई है, जिससे राज्य में उन्नत सड़क और भवन निर्माण परियोजनाओं को गति मिलेगी। साव का कहना है कि इन तकनीकों से छत्तीसगढ़ में टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता वाली सड़कों और इमारतों का निर्माण संभव होगा।
अपने प्रवास के दौरान अरुण साव ने भारतीय समुदाय और छत्तीसगढ़ मूल के लोगों से भी मुलाकात की।








