दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
सेवा परमोधर्म की भावना के साथ, लायंस क्लब दुर्ग सिटी ने 28 सितंबर को शासकीय कन्या उच्चतर महाविद्यालय, तकिया पारा, दुर्ग में नैतिक शिक्षा का एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत क्लब की अध्यक्ष सुमन पांडे द्वारा प्रिंसिपल, शिक्षकों और लायन साथियों का स्वागत करने से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन ध्वज वंदना से हुआ, जिसका पठन रश्मि अग्रवाल ने किया। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एमजेएफ डॉ. रौनक जमाल ने बच्चों को नैतिक शिक्षा के महत्व पर रोचक अंदाज में जानकारी दी। अजीज इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्राचार्या श्वेता उपाध्याय ने विद्यार्थियों को अनुशासन की महत्ता समझाई।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य अमर सिंह गुप्ता ने मंच संचालन किया और बच्चों से ज्ञानवर्धक सवाल पूछे, जिससे बच्चों में उत्साह और जिज्ञासा बनी रही। शाला की प्राचार्या आशा टेकाम ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। इस पर सुमन पांडे ने आश्वासन दिया कि लायंस क्लब जब भी आवश्यक होगा, शाला की सेवा में हाजिर रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान शाला की शिक्षिका सरिता अग्रवाल ने लायंस क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए क्लब की व्याख्या की। शाला की प्राचार्या और अन्य वक्ताओं को क्लब की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इसके साथ ही, स्कूल की छात्राओं फरहीन, बिंदिया, आयशा, राशि और जुफ्शा को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
संस्था की सचिव रश्मि अग्रवाल ने शाला की प्राचार्या आशा टेकाम, टीचर्स सरिता अग्रवाल, प्रभा साहू, कृति शर्मा, महलका खान और शाला के अन्य स्टाफ को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में लायन कैलाश जैन बरमेचा, अनिता तिवारी, स्कूल स्टाफ और छात्राएं भी उपस्थित रहीं।







