तेल अवीव
इजरायल और लेबनान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच हिज्बुल्लाह ने रविवार रात इजरायल के चार सैनिकों को ड्रोन हमले में मार गिराया। इस हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हिज्बुल्लाह को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने लेबनान में घातक हमले जारी रखने की बात कही।
पीएम नेतन्याहू ने हमले के अगले दिन बिन्यामिन के पास एक बेस कैंप का दौरा किया, जहां हिज्बुल्लाह के ड्रोन हमले में चार सैनिकों की मौत हो गई थी और 61 अन्य घायल हो गए थे। इनमें से कई की हालत गंभीर है और उन्हें उपचार के लिए हाइफा के अस्पताल ले जाया गया।
हिज्बुल्लाह ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह पिछले गुरुवार को बेरूत पर इजरायली हमले का बदला था, जिसमें 22 लेबनानी नागरिक मारे गए थे। इजरायली सेना ने भी जवाब में लेबनान पर 115 रॉकेट दागे हैं।
इस बीच, इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के एक सुरंग तक पहुंच बनाई। इस ऑपरेशन के दौरान हथियार और गोला-बारूद जप्त किए गए। हमले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संकल्प 1701 के खिलाफ बताकर आलोचना की गई है।
गाजा में भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इजरायली सेना ने नूसीरत में एक स्कूल पर हमला किया, जहां कम से कम 20 लोग, जिनमें बच्चों और महिलाएं भी शामिल हैं, मारे गए। सोमवार को अल अक्सा शहीद अस्पताल के बाहर विस्फोट में तीन और लोगों की मौत हो गई और 50 लोग घायल हो गए।






