भुवनेश्वर यादव के दशगात्र पर दी सहयोग राशि, रमेश यदु ने दानदाताओं का जताया आभार
रायपुर (ओम दर्पण न्यू)।
सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ ने रायपुर के मंदिर हसौद निवासी स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव के पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए ₹105,000 यानी एक लाख पांच हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। यह सहायता राशि समाज के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और समाजजनों के सहयोग से एकत्रित की गई।
यह सहयोग राशि सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष रमेश यदु के मार्गदर्शन, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष धनमती यादव के दिशा-निर्देश और मगधा यादव समाज रायपुर के जिलाध्यक्ष गजानंद यादव की पहल पर जुटाई गई। समाज ने पीड़ित परिवार की परिस्थिति को देखते हुए आगे आकर सहयोग किया।
परिवार का एकमात्र सहारा थे भुवनेश्वर
विदित हो कि विगत दिनों भुवनेश्वर यादव की निर्मम हत्या कर दी गई थी। वे अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। उनके छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई और परिवार की माली हालत को देखते हुए सर्व यादव समाज ने चिंता व्यक्त की और आर्थिक सहयोग की पहल की। दशगात्र के अवसर पर समाज ने यह सहयोग राशि देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सर्व यादव समाज के प्रांताध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा यादव समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी आवश्यक सहयोग प्रदान करता रहेगा।
समाज की एकजुटता को बताया शक्ति
मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार यादव ने सहयोग राशि प्रदान करने वाले सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामाजिक सरोकार ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। इस सहयोग के माध्यम से समाज ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया है।
कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के मुकेश यादव, राम यादव, अनिल यादव, शेखर यादव, जितेश यादव, ओम प्रकाश यादव उपाध्यक्ष नगर पंचायत मंदिर हसौद, बलवंत यादव, बल्ला यादव सहित विभिन्न यादव समाज संगठनों के पदाधिकारी और क्षेत्र के समाज प्रमुख उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।









