



रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता बृजमोहन अग्रवाल रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से अजेय रहे हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से सुनील सोनी को मैदान में उतारा है। गुरुवार को भाजपा के रायपुर जिला कार्यालय, एकात्म परिसर में बृजमोहन अग्रवाल और रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव संयोजक शिवरतन शर्मा ने एक प्रेसवार्ता आयोजित की। इस प्रेसवार्ता के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर जमकर हमले किए।
”मेरे चेहरे के बिना नहीं लड़ सकते चुनाव”
रायपुर दक्षिण विधानसभा का उपचुनाव 13 नवंबर को होना है। भाजपा ने अपना प्रत्याशी सुनील सोनी को बनाया है, जबकि कांग्रेस ने आकाश शर्मा को मैदान में उतारा है। दोनों ही पार्टियां रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में अपनी जीत का दावा कर रही हैं। प्रेसवार्ता के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि “रायपुर दक्षिण विधानसभा का उपचुनाव बृजमोहन के चेहरे के बिना नहीं लड़ा जा सकता। इसलिए बृजमोहन भी चुनाव लड़ रहे हैं और सुनील सोनी भी।”
”पार्टी भी जानती है, बृजमोहन हैं तो मुमकिन है”
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी रायपुर दक्षिण के उपचुनाव को पूरी दमखम के साथ जीतने के लिए लड़ रही है। कांग्रेस के प्रत्याशी आकाश शर्मा को लेकर उन्होंने कहा कि “कांग्रेस ने नया चेहरा मैदान में उतारा है जिसे रायपुर शहर की एक प्रतिशत जनता भी नहीं जानती है। रायपुर दक्षिण विधानसभा की आधी प्रतिशत भी जनता उन्हें नहीं जानती।”
सुनील सोनी की तारीफ
बृजमोहन अग्रवाल ने सुनील सोनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि “सुनील सोनी ने अपना सफर पार्षद से शुरू किया था। दो बार रायपुर नगर निगम में मेयर रहने के साथ ही सभापति भी रहे हैं। इसके अलावा वे रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी रहे हैं। वर्तमान में रायपुर शहर का जो नया स्वरूप है, उसके जनक सुनील सोनी ही हैं।”
”हम अपने कामों के दम पर जीतेंगे”
रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा कि “विकास के साथ-साथ जो हितग्राही मूलक योजनाएं हैं, उन सभी की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने की है। चाहे गरीबों को ₹1 किलो में चावल देने की योजना हो, आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज की बात हो, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण हो या प्रधानमंत्री आवास योजना—सभी योजनाएं भाजपा सरकार की देन हैं।”
”जनता हमारे साथ है”
शिवरतन शर्मा ने कहा कि “पिछले 10 महीनों में भाजपा सरकार ने प्रदेश में जो काम किए हैं, उसका सीधा लाभ प्रदेश के 75 से 80 प्रतिशत जनता को मिल रहा है। भूपेश बघेल के 5 साल के कार्यकाल में पीएससी घोटाला और युवाओं के साथ धोखाधड़ी हुई है, जिसकी जांच भाजपा सरकार कर रही है। नक्सलवाद को लेकर उन्होंने कहा कि 2026 तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होगा। भाजपा की 10 महीने की सरकार में अब तक 200 नक्सलियों को मारा गया है।”





