कवर्धा।
कवर्धा जिले के सीटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंद विहार कॉलोनी के एक मकान में बीए सेकेंड ईयर की छात्रा देवयानी पटेल (19 वर्ष) का शव मिला है। मृतका ने कथित रूप से आत्महत्या की है। घटना की जानकारी मकान मालिक ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के वक्त मृतका अपने किराए के कमरे में अकेली थी। उसकी दो सहेलियां भी उसी कमरे में रहती थीं, लेकिन वे उस समय घर पर नहीं थीं। मृतका का छोटा भाई मोबाइल बनाने के लिए घर से बाहर गया था। जब वह मोबाइल लौटाने वापस आया, तो उसने देखा कि बहन देवयानी ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो भाई ने खिड़की से झांककर देखा और अंदर देवयानी का शव पड़ा हुआ पाया।
सीटी कोतवाली थाना के टीआई लालजी सिन्हा ने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि एक छात्रा ने अपने किराए के मकान में आत्महत्या कर लिया है। सूचना मिलने के बाद हम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।”
मकान मालिक और मृतिका के भाई ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










