
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
छत्तीसगढ़ विधान सभा के शीतकालीन सत्र में शुक्रवार को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने क्षेत्र के विकास हेतु महत्वपूर्ण याचिका प्रस्तुत की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आसंदी ने चंद्राकर की याचिका को गंभीरता से स्वीकारते हुए शीघ्र विचार करने का आश्वासन दिया।
चंद्राकर ने अपनी याचिका में दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को संक्षेप में रखा। प्रमुख मांगों में हायर सेकेंडरी स्कूल स्टेशन मरोदा और हायर सेकेंडरी स्कूल कुथरेल के भवन निर्माण की आवश्यकता, लोक निर्माण विभाग द्वारा दुर्ग में किए गए रोड निर्माण कार्यों से प्रभावित 9-10 गांवों के 70-80 किसानों को मुआवजा प्रदान करने की मांग शामिल है। इसके अलावा, भारत माला परियोजना दुर्ग-आरंग की लंबित मुआवजा राशि न देने पर राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन मंत्री का ध्यान आकर्षित करने की भी मांग की गई।
हायर सेकेंडरी स्कूल स्टेशन मरोदा में 270 छात्रों की दाखिला संख्या के बावजूद केवल 4 शिक्षक उपलब्ध हैं। वर्तमान में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के भवन में कक्षाएं चल रही हैं, जहां बैठने में कठिनाई होती है और बरसात के दिनों में पानी टपकने की समस्या सामने आती है। नई बिल्डिंग की अत्यंत आवश्यकता पर बल दिया गया।
हायर सेकेंडरी स्कूल कुथरेल में कक्षा 9वीं से 11वीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। यहां भी पुरानी बिल्डिंग के कारण नई निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया है, जहां गणित, कला, विज्ञान, वाणिज्य की कक्षाएं चल रही हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा किए गए रोड निर्माण कार्यों से प्रभावित गांवों जैसे भानपुरी, बोरिगारका, खोपली, ख़ुरसुल कोड़ियां में 70-80 किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है।
विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आसंदी ने चंद्राकर की याचिका पर विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इन मुद्दों का समाधान शीघ्र ही निकाला जाएगा।









