रायपुर (सत्यानंद सोई) ।
गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी 2025 को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर बैठक ली।
डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख अपने-अपने क्षेत्रों के उत्कृष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार करें। उन्होंने पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में ध्वजारोहण, मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परेड कार्यक्रम, भाग लेने वाली टुकड़ियों का निर्धारण, उनकी रिहर्सल, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्कृष्ठ झांकी के चयन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों और झांकी के विजेताओं को पुरस्कार वितरण की व्यवस्था की जाए।
व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
डॉ. गौरव सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर ट्रैफिक और पार्किंग की सुगम व्यवस्था, विभागीय झांकियों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, साफ-सफाई और अस्थाई शौचालय जैसी व्यवस्थाओं पर जोर दिया। इसके साथ ही, 24 जनवरी को रिहर्सल की समय सीमा तय की गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










