रायपुर (सत्यानंद सोई)।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जिले में अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने धरसींवा तहसील के कुरा नगर पंचायत में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत के मुख्य मार्ग पर स्थित गार्डन के सामने का अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया, जिससे मार्ग में यातायात सुचारू हो सके। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र के सामने भी अतिक्रमण हटाया गया, जिससे बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा,
“अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि सार्वजनिक स्थानों को अवैध कब्जों से मुक्त किया जा सके और शहर के विकास कार्यों में रुकावट न आए।”
इस कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और नगर पंचायत के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि सार्वजनिक संपत्तियों पर कोई भी अवैध कब्जा न कर सके।







