दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर पालिक निगम के कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं निगम प्रशासक ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शहर की स्वच्छता और राष्ट्रीय पहचान बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।
सोमवार सुबह कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने रायपुर नाका, कातुलबोर्ड और स्टेशन रोड क्षेत्र का दौरा किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ कार्यपालन अभियंता दिनेश नेताम, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा और स्वच्छता टीम मौजूद रही।

कमिश्नर ने सभी स्वच्छता कर्मचारियों, सुपरवाइजर्स और स्वच्छता दीदियों को साफ-सफाई के कार्य में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
फील्ड में जाकर हो रही मॉनिटरिंग
कमिश्नर सुमित अग्रवाल रोजाना विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में जाकर सफाई कार्य की समीक्षा करें। इसके साथ ही चौक-चौराहों, गार्डन और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता में मिली पहचान
दुर्ग नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। कमिश्नर ने कहा कि इस पहचान को बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन सतर्क है। सफाई अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम भी नियमित रूप से निरीक्षण कर रही है।
कमिश्नर ने साफ शब्दों में कहा कि सफाई के प्रति हर व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए और सफाई कर्मचारी अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी से करें।










