बीजापुर। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का नया मार्ग प्रशस्त कर रही है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा संचालित इस योजना का लाभ उठाकर बीजापुर की युवा उद्यमी आस्था मंडावी ने सफलता की नई इबारत लिखी है। उन्होंने सरकारी आर्थिक सहायता के दम पर न केवल अपना उद्यम स्थापित किया, बल्कि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी हैं।
SBI से मिला 3 लाख का ऋण
आस्था मंडावी ने इस योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बीजापुर से 3 लाख रुपए का ऋण प्राप्त किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी), बीजापुर ने अहम भूमिका निभाई और आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। योजना के प्रावधानों के अनुसार, आस्था को परियोजना लागत का 25 प्रतिशत यानी 75 हजार रुपए की मार्जिन मनी सब्सिडी भी स्वीकृत हुई, जिससे उनके व्यवसाय की राह आसान हो गई।
कैफे के साथ डेली नीड्स की सुविधा
योजना से मिली सहायता से आस्था ने बीजापुर में ‘श्योरस कैफे’ की शुरुआत की है। यह केंद्र केवल खान-पान तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां डेली नीड्स स्टोर की सुविधा भी ग्राहकों को मिल रही है। कैफे में कॉफी, बर्गर, पिज्जा, सैंडविच और फास्ट फूड के साथ-साथ दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं जैसे नमकीन, बिस्कुट और चॉकलेट भी उपलब्ध हैं। आस्था का उद्देश्य ग्राहकों को एक ही छत के नीचे गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है। उनके विनम्र व्यवहार और प्रबंधन कौशल के कारण ‘श्योरस कैफे’ स्थानीय नागरिकों और युवाओं के बीच तेजी से पहचान बना रहा है।









