कोरबा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की ‘सेवा सेतु’ पहल अब ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से शासन की नागरिक सेवाएं अब पहले से कहीं अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंच रही हैं। इससे न केवल नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिली है, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगी है। निर्धारित समय-सीमा में दस्तावेज मिलने से शासन-प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।
महेत्तर राम के आय-निवास का हुआ त्वरित निराकरण
सेवा सेतु की सफलता का ताजा उदाहरण कोरबा जिले के भैंसमा तहसील में देखने को मिला। ग्राम तेन्ग्रीमार निवासी महेत्तर राम को लंबे समय से अपने जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। सरकारी दफ्तरों की पेचीदगियों से परेशान महेत्तर को जब भैंसमा स्थित ‘सेवा सेतु’ केंद्र के बारे में पता चला, तो उन्होंने वहां आवेदन किया। केंद्र पर मौजूद स्टाफ ने उन्हें मार्गदर्शन दिया और देखते ही देखते निर्धारित समय के भीतर उनके तीनों महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार होकर उनके हाथ में आ गए।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ा सरकार के प्रति भरोसा
प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद महेत्तर राम ने राहत की सांस लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले छोटे-छोटे कामों के लिए कई कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे समय और मेहनत दोनों बर्बाद होती थी। अब सेवा सेतु केंद्र पर आवेदन के बाद पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और परेशानी मुक्त हो गई है। उन्होंने बताया कि समय पर दस्तावेज मिलने से उनके कई अटके हुए काम अब सुगमता से पूरे हो सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए सरकार की यह पहल अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।









