दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव 2025 को लेकर जिले में ‘मोर मतदान – मोर अधिकार’ जन जागरूकता अभियान जोरों पर है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला पंचायत स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में यह अभियान सतत रूप से संचालित हो रहा है। इस अभियान के तहत स्वच्छता ग्राही दीदी, स्व-सहायता समूह की दीदी मतदान को निष्पक्ष और निस्वार्थ रूप से करने हेतु मतदाताओं को प्रेरित कर रही हैं।
महिलाओं ने निकाली रैली, बनाई रंगोली, किया जागरूक
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने मेहंदी रचाकर, फूलों की रंगोली सजाकर और कलश यात्रा निकालकर मतदान के प्रति जागरूकता फैलाई। महिलाओं ने ग्राम स्तर पर रैली निकालते हुए मतदान के लिए प्रेरित किया और ‘मोर मतदान – मोर अधिकार’ के नारे लगाए।
ग्राम पंचायत गोरपा में निकली जागरूकता रैली
जनपद पंचायत धमधा के ग्राम पंचायत गोरपा के आश्रित गांव भिलोरी में भी मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर, फूलों की रंगोली सजाकर और कलश यात्रा निकालकर 100% मतदान हेतु जागरूक किया।
इस कार्यक्रम में सावित्री यादव, अंजली सिन्हा, दुर्गा सेन, ग्राम संगठन की दीदी, पशु शाखी, कृषि शाखी और स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने शत-प्रतिशत मतदान की शपथ ली और मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर रविकांत सिन्हा (ADEO), रिपुसूदन उमरे (वि.ख. समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन) भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों के बीच मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।









