-
तेहरान में अज्ञात स्थान पर काले शीशों वाली गाड़ी में हुई मुलाकात, अपमानित महसूस कर रहे राष्ट्रपति
-
पांच महीने से सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे मोजतबा खामेनेई, नेतृत्व को लेकर उठे गंभीर सवाल
तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की कथित मुलाकात को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान में एक बेहद गुप्त और अंधेरी जगह पर हुई इस बैठक में राष्ट्रपति अपने ही सर्वोच्च नेता को देख तक नहीं सके।
बताया जा रहा है कि मुलाकात के बाद राष्ट्रपति पेजेशकियन खुद संशय में हैं कि जिस व्यक्ति से उनकी बातचीत हुई, वह वास्तव में मोजतबा खामेनेई ही थे या कोई और। राष्ट्रपति ने इस मुलाकात के लिए कई बार अनुरोध किया था और कथित तौर पर इस्तीफे तक की धमकी दी थी, जिसके बाद उन्हें मिलने की अनुमति मिली।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के नाम पर राष्ट्रपति को काले शीशों वाली एक गाड़ी में बैठाया गया, जहां खामेनेई पहले से मौजूद थे। महज कुछ मिनटों तक चली इस बातचीत के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने राष्ट्रपति को हाथ मिलाने तक की इजाजत नहीं दी। इस पूरे घटनाक्रम से राष्ट्रपति काफी असहज और अपमानित महसूस कर रहे हैं।
दावों और हकीकत में बड़ा विरोधाभास
हैरानी की बात यह है कि मई में पेजेशकियन ने इस मुलाकात को करीब ढाई घंटे की सौहार्दपूर्ण बैठक बताया था, जबकि नई रिपोर्ट इसे महज कुछ मिनटों का बता रही है। मोजतबा खामेनेई पिछले पांच महीनों से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और केवल उनके लिखित बयान ही सामने आ रहे हैं।
गहराता नेतृत्व का संकट
राष्ट्रपति ने दोबारा खामेनेई के आवास पर मिलने का समय मांगा था, जिसे सिरे से खारिज कर दिया गया है। सर्वोच्च नेता की लंबी अनुपस्थिति और इस रहस्यमयी मुलाकात ने ईरान के शीर्ष सत्ता गलियारों में नेतृत्व के भविष्य को लेकर सवालों को और अधिक गहरा कर दिया है।








