दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने सोमवार को वार्ड क्रमांक 16 का दौरा कर वहां व्याप्त जनसमस्याओं का जायजा लिया। सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक चले इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिकोला भाठा, कर्मचारी नगर, जयंती नगर व साईं नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।

गोबर बहाने पर डेयरी संचालकों को कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान महापौर बाघमार ने पाया कि गोठान के कारण मोहल्ले की नालियों में लगातार गोबर बह रहा है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि भविष्य में नालियों में इस प्रकार गोबर बहाया जाता है तो डेयरी संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोषी डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर जुर्माना वसूल किया जाए।
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
कर्मचारी नगर से जयंती नगर जाने वाले मार्ग की नालियों व गलियों में महीनों से सफाई नहीं होने पर भी महापौर बाघमार ने सफाई कर्मचारियों की लापरवाही पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने स्वयं की नालियों की सफाई
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती अल्का बाघमार ने एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, देवनारायण चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद खिलावन मटियारा, पार्षद युवराज कुंजाम, उपआयुक्त मोहेन्द्र साहू, उपअभियंता विनोद मांझी, प्रेरणा दुबे एवं जितेंद्र राजपूत, मौसमी ताम्रकर व वार्ड के नागरिकों के साथ मिलकर क्षेत्र की नालियों की सफाई भी की।









