Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

डीजल चोरी के शक में पोकलेन चालक को बंधक बनाकर पीटा, वीडियो वायरल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


  • वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई

बलरामपुर

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां डीजल चोरी के संदेह में एक पोकलेन चालक को बंद कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मामला बरियों पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भिलाई गांव का है।


 क्रेशर प्लांट में हुआ विवाद

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिलाई में सिंघल नामक क्रेशर प्लांट संचालित है। यहां ग्राम बघिमा निवासी विनोद सार्थी पोकलेन मशीन चलाने का कार्य करता था। कुछ दिन पहले क्रेशर संचालक को डीजल चोरी का शक हुआ, जिसके बाद निगरानी बढ़ा दी गई। शनिवार रात क्रेशर प्रबंधन ने विनोद सार्थी और उसके एक सहयोगी को पकड़ लिया और उन्हें बंद कमरे में बंधक बना लिया।


लाठी-डंडों से की गई बेरहम पिटाई

आरोप है कि क्रेशर संचालक दीपक अग्रवाल (निवासी कुंडला सिटी, अंबिकापुर) और उनके सहयोगियों ने दोनों युवकों के हाथ-पैर बांधकर बारी-बारी से लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक युवक जमीन पर पड़ा दिखता है और दो से तीन लोग उसे लगातार पीटते नजर आते हैं।


ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बरियों पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घायल पोकलेन चालक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट और मानवाधिकार उल्लंघन के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि चोरी के शक में किसी को बंधक बनाकर पीटना अमानवीय कृत्य है। वहीं, पीड़ित परिवार ने क्रेशर संचालक और उसके साथियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow