Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

कमल विहार अपार्टमेंट डकैती का पर्दाफाश: खुद को पुलिस बताकर भाई-बहनों को बंधक बनाया; 2 महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • मुख्य सरगना महिला पर हत्या, नारकोटिक्स सहित 12 से ज्यादा केस

  •  2.20 लाख का माल जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रायपुर.

राजधानी की मुजगहन थाना पुलिस ने कमल विहार स्थित कृष्णा हाइट्स अपार्टमेंट में 14 नवंबर को हुई डकैती की बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिला आरोपियों, दो युवकों और एक अपचारी बालक सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रार्थिया और उसके भाई-बहनों को बंधक बनाकर नकदी, लैपटॉप, गैस सिलेंडर और दोपहिया वाहन लूट लिया था। पुलिस ने इनके पास से लगभग 2.20 लाख रुपये का लूटा गया माल बरामद किया है।

बंधक बनाकर की लूटपाट

प्रार्थिया रोशिता तिर्की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब 12 बजे वह अपने भाई के फ्लैट पर कपड़े और खाना देने आई थी। लौटते समय उसने मुख्य आरोपी पूजा सचदेव को तीन पुरुषों और एक महिला के साथ देखा, जो नशे की हालत में थे। प्रार्थिया और उसके भाई-बहनों को देखते ही आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाना शुरू कर दिया।

इसके बाद सभी आरोपी, पीड़ितों को जबरन फ्लैट में ले गए और मारपीट करने लगे। जब प्रार्थिया के भाई ने विरोध किया, तो एक आरोपी ने उसके गले पर चाकू टिका दिया और सभी को रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने पीड़ितों का ATM कार्ड छीनकर धमकाते हुए पैसे निकलवाए और कमरे में रखा लैपटॉप, गैस सिलेंडर, बर्तन और दोपहिया वाहन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और CCTV से सुराग

लूट की गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना मुजगहन की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने पीड़ितों से पूछताछ की और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले।

फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान पूजा सचदेव, असीमा राव, निखिल सचदेव, अंकित सोनी और एक अपचारी बालक के रूप में हुई। पहचान स्थापित होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

मुख्य सरगना का है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, इस पूरी वारदात की मुख्य सरगना गिरफ्तार महिला आरोपी पूजा सचदेव (30 वर्ष) है। पूजा सचदेव एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से हत्या, मारपीट, आबकारी और नारकोटिक एक्ट सहित 12 से ज्यादा प्रकरण दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुकी है।

2.20 लाख का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी हुई एक दोपहिया वाहन, घटना में प्रयुक्त एक अन्य दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लैपटॉप, बर्तन, 15,000 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन और ATM कार्ड बरामद किया है। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 2,20,000 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में पूजा सचदेव (30), असीमा राव (26), निखिल सचदेव (18), अंकित सोनी (18) और एक अपचारी बालक शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है। सभी के खिलाफ थाना मुजगहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) और 74 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow