Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

अतिक्रमण पर प्रहार: जोन-2 में 22 ठेले जब्त, कलेक्टर और कमिश्नर के निर्देश पर कार्रवाई

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

रायपुर।

राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम का ‘टीम प्रहरी’ अभियान अब और भी सख्त हो गया है। जिला प्रशासन और पुलिस के निर्देश पर नगर निगम जोन क्रमांक 2 की टीम ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 22 ठेलों को जब्त किया है। यह कार्रवाई देवेंद्र नगर ब्रिज के नीचे, मुक्तिधाम और पंडरी कपड़ा बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में की गई, जहां अवैध कब्जों के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।

इन इलाकों में चला अभियान

जोन कमिश्नर डॉ. आर.के. डोंगरे के मार्गदर्शन में निगम का अमला सबसे पहले देवेंद्र नगर ब्रिज के नीचे और मुक्तिधाम के पास पहुंचा। यहां लंबे समय से ठेले लगाकर मार्ग अवरुद्ध किया जा रहा था। इसके बाद टीम पंडरी कपड़ा बाजार पहुंची, जहां मुख्य मार्गों पर जमे ठेलों के कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क पर कब्जा जमाकर व्यवसाय कर रहे करीब 22 ठेला संचालकों का सामान जब्त कर लिया और मार्ग को खाली कराया।

इन अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई। मौके पर कार्रवाई के दौरान जोन 2 के कार्यपालन अभियंता पी.डी. घृतलहरे, नगर निवेश उप अभियंता अंजलि बारले, जोन 2 नगर निवेश विभाग की टीम और मुख्यालय की उड़नदस्ता टीम मौजूद रही।

भविष्य के लिए सख्त चेतावनी

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ‘टीम प्रहरी’ अभियान का उद्देश्य शहर को जाम मुक्त बनाना है। कार्रवाई के दौरान ठेला संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे दोबारा सार्वजनिक मार्गों पर यातायात बाधित न करें। अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न जोनों में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध गुमटी या ठेले लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। निगम ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करें और प्रशासन का सहयोग करें।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow