Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

“नकली दवा के सौदागर से ‘साहब’ की सीक्रेट मीटिंग! ड्रग कंट्रोलर पर बड़ी कार्रवाई के लिए NSUI ने EOW और स्वास्थ्य मंत्री का खटखटाया दरवाजा “

NSUI Protest Chhattisgarh

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

नकली दवा घोटाले में अफसर की संलिप्तता के आरोप मे NSUI ने EOW और स्वास्थ्य मंत्री से की कड़ी कार्रवाई की मांग

रायपुर।

राजधानी में नकली दवाओं के गंभीर प्रकरण ने एक नया मोड़ ले लिया है। असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम द्वारा आरोपी दवा व्यापारी के साथ कथित तौर पर गुप्त बैठक किए जाने की खबर सामने आने के बाद छात्र संगठन NSUI ने प्रशासन के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को संगठन ने इस मामले में भ्रष्टाचार और मिलीभगत का आरोप लगाते हुए शासन-प्रशासन के समक्ष जोरदार विरोध दर्ज कराया।

 रखीं ये मांग

NSUI के एक प्रतिनिधिमंडल ने आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के डीआईजी गोवर्धन ठाकुर से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि जांच में हस्तक्षेप किया जा रहा है और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

संगठन ने डीआईजी के समक्ष प्रमुखता से ये मांगें रखीं:

  • असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम की भूमिका की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो।

  • उनकी चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा खंगाला जाए।

  • मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाए।

  • बैंक खातों के लेन-देन की बारीकी से जांच हो।

  • साक्ष्य से छेड़छाड़ रोकने के लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाया जाए।

डीआईजी गोवर्धन ठाकुर ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री के निवास पर भी दी दस्तक

EOW के बाद NSUI कार्यकर्ता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जसवाल के निवास पहुंचे। वहां भी उन्होंने पूरे प्रकरण की शिकायत दर्ज कराई। संगठन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नकली दवाओं जैसे संवेदनशील अपराध में यदि जिम्मेदार अधिकारी ही आरोपियों को संरक्षण देंगे, तो यह नागरिकों के जीवन से खिलवाड़ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आंदोलन की दी चेतावनी

NSUI ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि इस मामले में दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन जनहित में सड़क पर उतरने को बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम का नेतृत्व NSUI जिला अध्यक्ष शान्तनु झा ने किया। इस दौरान प्रदेश महासचिव निखिल बघेल, महामंत्री सूरज साहू, उपाध्यक्ष भोजराज, विमल साहू, अभिनव सोनकर, अथर्व, नवीन और अनिल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow