Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

दुर्ग: जेवरा सिरसा की राइस मिल से उठने लगीं आग की लपटें, दमकल की 2 गाड़ियों ने अंदर घुसकर रोका बड़ा हादसा

Jewra Sirsa Rice Mill Fire

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Jewra Sirsa Rice Mill Fire Jewra Sirsa Rice Mill Fire

दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।

जिले के जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित श्रद्धा राइस मिल में मंगलवार (21 अप्रैल 2026) शाम अचानक आग भड़क गई। राइस मिल में रखे बारदानों से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि दुर्ग अग्निशमन दल ने समय पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया और एक बड़ी घटना होने से टल गई।

जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 5:35 बजे अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना मिली कि जेवरा सिरसा स्थित श्रद्धा राइस मिल में आग लग गई है। सूचना मिलते ही तत्काल 2 दमकल गाड़ियों (फायर ब्रिगेड) को मौके के लिए रवाना किया गया।

धुएं और लपटों के बीच मिल के अंदर घुसे जवान

अग्निशमन कर्मियों ने जब मौके पर पहुंचकर देखा तो राइस मिल के अंदर रखे बारदानों के ढेर से आग की तेज लपटें निकल रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मी तुरंत हरकत में आए और अपनी जान की परवाह किए बिना राइस मिल के अंदर घुस गए। कड़ी मशक्कत और सूझबूझ का परिचय देते हुए दमकल की टीम ने कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

अग्निशमन कर्मचारियों द्वारा एक बेहतरीन टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए घटना स्थल पर समय पर पहुंचकर एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।

आग लगने का कारण अज्ञात, पुलिस कर रही जांच

राइस मिल में बारदानों में आग कैसे लगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आग लगने के कारणों को अज्ञात माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच-पड़ताल जेवरा सिरसा पुलिस द्वारा की जा रही है।

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में सह-स्टेशन फायर प्रभारी संतोष पाण्डेय, अग्निशमन दल प्रभारी धन्नु यादव व भगवती बंजारे सहित अग्निशमन कर्मचारी शैलेन्द्र, कुंजेश, कुलेश, नितिन उमाशंकर, योगेश, संतोष और नरोत्तम टंडन की सक्रिय भूमिका रही।

(आपातकालीन स्थिति के लिए दुर्ग अग्निशमन कार्यालय के संपर्क नंबर: 0788-2320120, 2320121, 2322571, 112)

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow