-
मंडल अब अधोसंरचना विकास में निभाएगा बड़ी भूमिका
-
18 लाख प्रधानमंत्री आवासों का लक्ष्य तेजी से पूर्ण
-
लकी ड्रा में पूजा बरेठ को मिली सपनों की कार
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नवीन ‘लोगो’ (Logo) का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 के आवास मेले में घर बुक करने वाले भाग्यशाली हितग्राहियों को लकी ड्रा के माध्यम से कार, स्कूटी, फ्रिज और एलईडी टीवी जैसे आकर्षक पुरस्कार वितरित किए। मुख्यमंत्री ने नया लोगो तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित भी किया।
अधोसंरचना विकास से प्रदेश को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हर परिवार का अपना पक्का घर होना एक बड़ा सपना होता है और राज्य सरकार इस सपने को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पूर्व में केवल गृह निर्माण तक सीमित रहा यह मंडल अब ‘अधोसंरचना विकास’ के क्षेत्र में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल ने लगभग 7,388 संपत्तियों का विक्रय कर 1,532 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया है, जो विभाग की कार्यकुशलता को दर्शाता है।
18 लाख आवासों की स्वीकृति और सुशासन का संकल्प
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कैबिनेट की पहली ही बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं और अब तक 10.5 लाख से अधिक परिवारों के घर पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार अतिरिक्त आवास और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सुशासन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु ऐप के माध्यम से 450 से अधिक सेवाएं और हेल्पलाइन 1076 के जरिए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासनिक सुधार और वित्तीय अनुशासन पर जोर
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार लागू किए गए हैं। अब किसी भी नई आवासीय परियोजना का निर्माण तभी शुरू होगा, जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित हो जाएगी, ताकि वित्तीय जोखिम से बचा जा सके। वहीं, मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मंडल ने नई कार्य संस्कृति अपनाई है और भविष्य में मांग आधारित परियोजनाओं पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़ की श्रीमती पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई।
इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, मंडल के आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।










