रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।
राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित डीआरएम ऑफिस के सामने जागृति नगर में बीती रात लगभग 10:30 बजे एक दर्दनाक घटना में विद्युत पोल से करंट लगने के कारण एक गाय की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों के साथ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, हिंदू महासभा के रायपुर जिला महामंत्री लवकुश गुप्ता सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद खगपति सोनी से बातचीत की और मृत गोवंश की सुरक्षा व निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। तय किया गया है कि रविवार सुबह 6:30 से 7:00 बजे के बीच जेसीबी वाहन की मदद से पूरे विधि-विधान के साथ गौमाता का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
निगरानी की पड़ी जरूरत, क्योंकि पूर्व में आ चुका है ऐसा मामला
मृत गोवंश की रात भर निगरानी करने की एक बड़ी वजह क्षेत्र का पिछला रिकॉर्ड भी है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पूर्व ही इसी क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा गोवंश को मारकर खाने की बात कही गई थी। हालांकि, उस समय संगठन के सदस्यों और गौसेवकों की तत्परता से उस व्यक्ति को पकड़वाकर जेल भिजवा दिया गया था। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए मृत गोवंश के शव को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई ताकि कोई असामाजिक तत्व इसका फायदा न उठा सके।
प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में गोवंश की सुरक्षा और प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। खुले पड़े तारों और विद्युत पोल में दौड़ रहे करंट से हुई इस मौत के बाद हिंदू महासभा और गौसेवकों ने सवाल खड़ा किया है कि क्या वाकई प्रदेश में गोवंश सुरक्षित हैं, या फिर उनकी देखरेख केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है।










