-
महाराणा के शौर्य को महासभा ने किया नमन
रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।
राजपूत क्षत्रिय महासभा छत्तीसगढ़ (रहटादह पंजीयन क्रमांक 1282) की सभी उपसमितियों द्वारा शनिवार, 9 मई 2026 को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न उपसमिति क्षेत्रों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन कर महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और स्वाभिमान को याद किया गया।
महासभा की सभी उपसमितियों ने जयंती समारोह को लेकर काफी पहले से व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। कई स्थानों पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, साथ ही संगोष्ठी और सम्मान समारोह का भी आयोजन हुआ। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज में एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
आगामी दिनों में होगा प्रदेशस्तरीय भव्य आयोजन
महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में आगामी दिनों में एक प्रदेशस्तरीय भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वृहद आयोजन की जिम्मेदारी और तैयारियों को लेकर महासभा द्वारा सभी उपसमितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में पूरे छत्तीसगढ़ से समाज के लोग बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे।
नई पीढ़ी को आदर्शों से जोड़ने की पहल
महासभा ने स्पष्ट किया कि इस राज्य स्तरीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को महाराणा प्रताप के उच्च आदर्शों से जोड़ना और क्षत्रिय समाज को संगठित करना है। इस भव्य आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए महासभा द्वारा जल्द ही एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई जाएगी।
















