Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

देश में ‘आर्थिक आपातकाल’ की आहट? कांग्रेस ने गिनाईं केंद्र सरकार की नाकामियां

rakesh-thakur-durg-congress-attacks-bjp-govt-over-economic-crisis-inflation-urea-shortage

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर देश को आर्थिक संकट और आपदा जैसे हालात की ओर धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने, सोना न खरीदने, विदेश यात्रा टालने और खाद व तेल का उपयोग कम करने जैसी अपीलें यह साबित करती हैं कि केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था को संभालने में पूरी तरह से विफल हो चुकी है।

पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों पर घेरा

राकेश ठाकुर ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार जनता को पेट्रोल-डीजल बचाने की सलाह दे रही है, वहीं दूसरी ओर ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन और माल भाड़ा महंगा होगा, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ेगा और सबसे ज्यादा नुकसान किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग को उठाना पड़ेगा।

उन्होंने रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना का प्रचार करने वाली सरकार गरीब परिवारों को सस्ती गैस उपलब्ध कराने में असफल रही है। लगातार बढ़ते दामों ने आम घरों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।

राहुल गांधी के ट्वीट का किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने बिल्कुल सही सवाल उठाया है कि आखिर 12 वर्षों के भाजपा शासन के बाद देश ऐसी स्थिति में क्यों पहुंच गया है, जहां जनता को यह बताना पड़ रहा है कि क्या खरीदें, क्या न खरीदें, कहां जाएं और कहां न जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं का बोझ जनता पर डालकर जवाबदेही से बचना चाहती है।

किसानों को खाद के लिए रुला रही सरकार: ठाकुर

किसानों की समस्या उठाते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि आज देश का किसान सबसे ज्यादा परेशान है। छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर यूरिया खाद नहीं मिल रही है। सरकार ने प्रति एकड़ खाद की मात्रा 2 बोरी से घटाकर 1 बोरी कर दी है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।

भूपेश बघेल की किसान हितैषी नीतियों को किया याद

राकेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान गांव-गांव में संचालित गौठानों के माध्यम से किसानों को सस्ता वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खाद मिलता था। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस गौठान व्यवस्था को बंद कर दिया। आज हालात यह हैं कि सरकार न तो जैविक खाद दे पा रही है और न ही रासायनिक खाद।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

अंत में राकेश ठाकुर ने मांग की है कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की संभावित मूल्य वृद्धि पर तत्काल रोक लगाई जाए। किसानों के लिए खाद की कटौती का फैसला वापस लिया जाए, उन्हें पर्याप्त रासायनिक खाद मिले और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए गौठान व जैविक खाद योजनाओं को पुनः प्रभावी ढंग से चालू किया जाए।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow