







हरिद्वार (Om Darpan News):
सप्तऋषि क्षेत्र में शांतिकुंज के पास हाईवे पर एक भीषण हरिद्वार बस हादसा सामने आया है। यहां राजस्थान से आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे एक ढाबे में जा घुसा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बैक करते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान करने के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी बस को चालक बैक कर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का बस से नियंत्रण छूट गया और वह हाईवे पर ही पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस को पलटता देख, सामने से आ रहे डंपर के चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की। लेकिन इस प्रयास में डंपर भी अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। डंपर की चपेट में आकर वहां खड़ी एक बुलेरो गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोग
इस भीषण हरिद्वार बस हादसा के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटना की सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी फौरन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया।
यह भी पढ़े: हॉलीवुड फिल्म महायोगी दे रही आपस में इकाई का संदेश
नागौर (राजस्थान) की महिला की मौत
जिला अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकंवर (पत्नी भंवर सिंह, निवासी नागौर, राजस्थान) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल यात्रियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
अधिकारियों ने कहा
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों की गहनता से जांच कराई जा रही है।
वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि यातायात को सुचारू करने के लिए दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाने की कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बस को बैक करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





