-
छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता को दी गई श्रद्धांजलि, समाज सेवा में जुटी महिलाओं का हुआ सम्मान
दुर्ग | दुर्ग के ग्राम थनौद में छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और समाजसेविका मिनीमाता की पुण्य स्मृति में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर बतौर अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने मिनीमाता की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने मिनीमाता के आदर्शों और कार्यों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने मिनीमाता के योगदान को याद करते हुए उन्हें सामाजिक समरसता और नारी शक्ति का प्रतीक बताया।
[ मिनीमाता का जीवन पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा: डोमन लाल कोर्सेवाडा ]
समारोह को संबोधित करते हुए अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा ने कहा कि मिनीमाता केवल सतनामी समाज की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रेरणा हैं। उन्होंने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सेवा और समर्पण से ही समाज में बदलाव संभव है। कोर्सेवाडा ने कहा कि वर्तमान सरकार बाबा गुरु घासीदास और मिनीमाता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध है।
[ शिक्षा और स्वावलंबन से सशक्त होगी नारी शक्ति: ललित चंद्राकर ]
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मिनीमाता का संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पहुंचाने के लिए समर्पित था। उन्होंने संसद में दलितों, शोषितों और महिलाओं की आवाज बुलंद की। चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार महतारी वंदन योजना और महिला स्व-सहायता समूहों के जरिए नारी शक्ति को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षित होकर समाज की कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में सरपंच मेनका देशमुख, जिला पंचायत सभापति प्रिया साहू, जिला पंचायत सभापति जितेन्द्र यादव, जनपद सदस्य संगीता साहू और पद्मश्री राधेश्याम बारले विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा सतनामी आश्रम कल्याण समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर बंजारे, कविता वासिनी, दिनेश देशमुख, उपसरपंच मनीष धृतलहरे, जेवरा सिरसा मंडल महामंत्री सुखनंदन देशमुख, अहिवारा मंडल अध्यक्ष रामजी निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक नागरिक उपस्थित थे।











