-
3 किलोवाट के सोलर प्लांट से खैरनावापारा के निवासी को मिल रही मुफ्त बिजली और आर्थिक लाभ
✍️ डिजिटल डेस्क
खैरागढ़ | खैरागढ़ जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा की ओर प्रेरित कर रही है। जिले के खैरनावापारा, कनक नगर, छुईखदान निवासी दिवाकर लोधी ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कर सौर ऊर्जा को अपनाया है। इस पहल के बाद उनके घरेलू बिजली खर्च में भारी गिरावट आई है और उनका मासिक बजट संतुलित हुआ है।
*** 1,200 रुपये से घटकर शून्य हुआ बिजली बिल ***
सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित होने से पहले दिवाकर लोधी का मासिक बिजली बिल लगभग 1,200 रूपए आता था। सोलर सिस्टम लगने के बाद वर्तमान में उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। अब तक उनके प्लांट से 203 यूनिट बिजली का उत्पादन हो चुका है, जिसके बदले उन्हें 510 रूपए का सोलर रिबेट भी प्राप्त हुआ है। यह योजना बिजली की बचत के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए अतिरिक्त आर्थिक लाभ का रास्ता भी खोल रही है।
सौर ऊर्जा को स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का बेहतर माध्यम बताते हुए दिवाकर लोधी अब अपने आसपास के लोगों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। वे लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने की अपील कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह सिस्टम न केवल बिजली खर्च बचाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करता है।








