Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

रायपुर में आज दिखेगा देशभक्ति का अद्भुत नजारा: भगत सिंह चौक पर युवाओं के सिर सजेगी ‘पीली पगड़ी’

Shaheed Bhagat Singh Shradhanjali Sabha Raipur

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रायपुर (ओमदर्पण न्यूज़)।

शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर आज (23 मार्च 2026) राजधानी रायपुर के गौरव पथ स्थित मुख्यमंत्री निवास के सामने भगत सिंह चौक पर विशाल सर्व समाज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में सभी धर्म, समाज और वर्ग के लोग शामिल होकर देश के वीर सपूतों को नमन करेंगे।

युवाओं और बच्चों को बांधी जाएगी ‘पीली पगड़ी’

छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में आने वाले सभी देशभक्त बच्चों, युवाओं, नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और जनप्रतिनिधियों को सिक्ख समाज द्वारा भगत सिंह की तरह पीली पगड़ी बांधी जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में देशप्रेम, देशभक्ति और समाज के भले के लिए कुछ अच्छा करने की प्रेरणा जागृत करना है। इसके साथ ही, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख संगठन द्वारा फल वितरण भी किया जाएगा।

मरीन ड्राइव से निकलेगी पदयात्रा

केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत संस्था ‘माय भारत’ द्वारा 23 मार्च को तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) से सुबह 10:30 बजे शहीद दिवस पर एक विशेष पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचेगी, जहां प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर इसका समापन होगा।

शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, एमआईसी मेंबर अमर गिदवानी, अवतार सिंह बागल, संतोष साहू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा संस्कृति विभाग के अध्यक्ष, निगम के नेता प्रतिपक्ष और विभिन्न वार्ड पार्षदगण भी सुबह 11 बजे मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष व ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, हरचरण सिंह साहनी, जसपाल सिंह साहनी और परविंदर सिंह भाटिया भी शहीदों को नमन करेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ सिख संगठन के संस्थापक हरपाल सिंह भामरा, अध्यक्ष दलजीत सिंह चावला और शहर अध्यक्ष मोनू सलूजा सहित समाज के सभी प्रमुख लोग श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

सिक्ख समाज ने की अपील

छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारियों— हरकिशन सिंह राजपूत, नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा, मनजीत सिंह भाटिया, स्वर्णपाल सिंह चावला, जागीर सिंह बावा, देवेंद्र सिंह चावला, रणजीत सिंह खनूजा, अमृत सिंह सूर, जसप्रीत सिंह चावला, इंदर पाल सिंह गांधी, गुरमीत सिंह छाबड़ा, मानवेंद्र सिंह डडियाला और तेजपाल सिंह हंसपाल ने राजधानी के सभी समाज प्रमुखों, युवाओं और माता-पिता से विशेष अपील की है।

उन्होंने कहा है कि देश की आजादी के इन महान सपूतों की कुर्बानी को याद करने आज 23 मार्च को भगत सिंह चौक पहुंचें। अपने बच्चों को भी साथ लाएं और उन्हें देश के लिए बलिदान होने वाले वीरों के इतिहास से अवगत कराएं, ताकि उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना सुदृढ़ हो सके।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow