अलीगढ़।
अलीगढ़ के मोहल्ला सुरेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना के संबंध में कोचिंग संचालक के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि यह घटना 21 नवंबर को हुई और थाना क्वार्सी में इस मामले में तहरीर प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा के परिजन व स्थानीय लोग कोचिंग सेंटर पहुंचे और बाहर जमकर हंगामा किया। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और कोचिंग संचालक को हिरासत में लिया गया। गुस्साई भीड़ ने कोचिंग सेंटर के भीतर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद संचालक ने खुद को क्लासरूम में बंद कर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का गेट काटकर आरोपी को बाहर निकाला।
ज्ञात हो कि कोचिंग सेंटर में कक्षा दसवीं और बारहवीं के छात्रों को परीक्षा की तैयारी कराई जाती है। यहां सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक कक्षाएं संचालित होती हैं। घटना के बाद पुलिस ने भीड़ को शांत किया और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।









