बसना।
बसना में अग्रसेन जयंती का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें समाज सेवक बसंत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सभा, महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच बसना द्वारा किया गया। अग्रसेन जयंती के इस अवसर पर बसंत अग्रवाल ने भगवान अग्रसेन के आदर्शों का स्मरण करते हुए सभी को नवरात्रि के पहले दिन माता शक्ति की उपासना का आह्वान किया।
बसंत अग्रवाल ने अपने संबोधन में “या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥” श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि शक्ति प्रत्येक जीव में विद्यमान है, और इसका सही उपयोग हमें दैवी गुणों से भर देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शक्ति का दुरुपयोग हमें आसुरी बना सकता है, और इसीलिए सभी को अपने भीतर के सद्गुणों को निखारने का प्रयास करना चाहिए।
देश में एकता, स्वतंत्रता और समानता की आवश्यकता पर जोर देते हुए बसंत अग्रवाल ने अपने अग्रकूल में जन्म लेने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने समाज, धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जब अधर्मियों ने हिन्दुओं की शिखा काटनी शुरू की, तब सबसे मजबूत हिन्दू धर्म के रूप में सिक्ख धर्म की स्थापना हुई।
बसंत अग्रवाल ने बसना विधायक संपत अग्रवाल की प्रशंसा करते हुए कहा, “संपत अग्रवाल धर्म और सनातन संस्कृति के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। मुझे बसना का हर व्यक्ति संपत अग्रवाल दिखता है, और अगर हर व्यक्ति संपत अग्रवाल होगा, तो पूरे भारत में बसना का नाम होगा।”









