Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

डॉलर के गिरते वर्चस्व के बीच दक्षिण कोरिया ने बदला रुख, अब सोने पर भरोसा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • विदेशी मुद्रा भंडार में विविधता लाने और वित्तीय स्थिरता के लिए लिया गया निर्णय

  • अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में भारी उछाल आने की संभावना

सियोल। दक्षिण कोरिया ने अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाने का बड़ा निर्णय लिया है। वैश्विक अर्थव्यवस्था में आए बदलावों और वित्तीय अनिश्चितताओं के बीच दक्षिण कोरिया सरकार के इस कदम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, केंद्रीय बैंक अब डॉलर आधारित परिसंपत्तियों के स्थान पर सोने में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं। यह कदम भू-राजनीतिक जोखिमों और वैश्विक वित्तीय अस्थिरता के बीच सुरक्षित निवेश की बढ़ती प्रवृत्ति का स्पष्ट संकेत है।

डॉलर के घटते वर्चस्व से बढ़ा जोखिम

अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों में महंगाई और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है, जिससे डॉलर की उपयोगिता कम हो रही है। अन्य मुद्राओं में विदेशी व्यापार बढ़ने के कारण दक्षिण कोरिया ने अपनी अर्थव्यवस्था को सुरक्षित करने के लिए यह रणनीति अपनाई है। सरकार का यह निर्णय वैश्विक स्तर पर बड़ा असर डालने वाला माना जा रहा है।

वित्तीय स्थिरता और जोखिम प्रबंधन पर जोर

इस निर्णय से दक्षिण कोरियाई अर्थव्यवस्था को मुद्रास्फीति और विनिमय दर के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलेगी। सोना संकट के समय सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है, जिससे देश की वित्तीय जोखिम प्रबंधन क्षमता मजबूत होगी और दीर्घकालिक स्थिरता आएगी। विश्लेषकों का मानना है कि डॉलर के अपने सबसे बुरे दौर से गुजरने के कारण निवेशक अब सोने की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में मचेगी हलचल

यदि अन्य केंद्रीय बैंक भी इसी राह पर चलते हैं, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग और कीमतों में भारी वृद्धि हो सकती है। विश्लेषकों का मानना है कि 2011 जैसी स्थिति दोबारा बन सकती है, जिसका सीधा असर भारत जैसे अधिक सोना आयात करने वाले देशों की घरेलू कीमतों पर पड़ेगा। आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण निवेशकों की पहली पसंद सोना ही रहने वाला है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow