-
गृह मंत्री ने कहा, नई न्याय संहिताएं तकनीक और समयबद्धता पर आधारित, पुदुचेरी के विकास को मिले 13762 करोड़
पुदुचेरी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुदुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति कलर्स प्रदान किया। इस समारोह में पुदुचेरी के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शाह ने कहा कि पुदुचेरी दक्षिण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। पुलिस बल को यह प्रतिष्ठित सम्मान उसकी बहादुरी, कड़ी मेहनत, शौर्य और समर्पण के कारण मिला है।
गृह मंत्री ने बताया कि लंबे फ्रांसीसी शासन के अधीन रहने के बावजूद पुदुचेरी ने अपनी भारतीयता और ऊर्जा को संभालकर रखा है। 1 अक्टूबर 1963 को पुदुचेरी में पुलिस महानिदेशक पद के सृजन के बाद से बल ने सीमांत क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया है। शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने दंड आधारित ब्रिटिश संहिताओं को बदलकर तीन नई न्याय संहिताएं लागू की हैं। ये तकनीक (Technology), समयबद्धता (Timeline) और विश्वास (Trust) के स्तंभों पर नागरिकों को न्याय दिलाने के लिए हैं।
▬ विकास के लिए 13762 करोड़ ▬
पिछले 12 वर्षों में केंद्र शासित प्रदेशों को मजबूत करने की दिशा में कई प्रयास हुए हैं। शाह ने बताया कि 1950 से 2014 तक पुदुचेरी को विकास के लिए केवल 3500 करोड़ रुपए दिए गए थे। वहीं मोदी सरकार ने 2014 से 2026 तक विकास के लिए 13,762 करोड़ रुपए दिए हैं, जो लगभग 4 गुना अधिक है। भारत सरकार ने पिछले 9 वर्षों में पुदुचेरी में 39,000 करोड़ रुपए का औद्योगिक निवेश भी कराया है।
▬ बुनियादी ढांचे का विस्तार ▬
पुदुचेरी में 2200 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 332-ए को चार लेन बनाने का काम किया गया है। इसके अलावा 3400 मीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े विस्तारित रन-वे का भी निर्माण हुआ है। पुदुचेरी के नागरिक लखपति दीदी, जलजीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, शौचालय निर्माण, मुफ्त अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और डीबीटी से लाभान्वित हुए हैं। भारत सरकार पुदुचेरी के विकास के लिए 24 घंटे तत्पर है।









