भिलाई (ओमदर्पण न्यूज़)।
भीषण गर्मी के बीच मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए आर्य समाज सेक्टर 6, भिलाई द्वारा संचालित ‘जल दान सेवा कार्य’ का पांचवां चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह अभियान आचार्य डॉ. अजय आर्य के मार्गदर्शन और नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें समाजसेवियों, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों लोगो को मिली राहत
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर यात्रियों, श्रमिकों, जरूरतमंदों और राहगीरों को चिलचिलाती धूप से राहत दिलाने के लिए ठंडा पानी, मदर डेयरी की छाछ, नमकीन, बिस्किट और फलाहारी सामग्री का वितरण किया गया। भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने के इस प्रयास को लोगों ने बेहद सराहनीय बताया और आर्य समाज के सेवा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वर्गीय जी.एस. ठाकुर की स्मृति में हुआ आयोजन
यह सेवा कार्य दुर्ग निवासी स्वर्गीय जी.एस. ठाकुर की स्मृति को समर्पित रहा। उनकी स्मृति में राजीव, समीर, हर्ष, अरुण, हिमांशु और निकुंज द्वारा सहयोग राशि प्रदान कर इस पुनीत कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। परिवारजनों का मानना है कि पूर्वजों की स्मृति में समाजहित के कार्य करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देना है।
परोपकार ही सर्वोच्च धर्म: आचार्य डॉ. अजय आर्य
इस अवसर पर आचार्य डॉ. अजय आर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और परोपकार को सर्वोच्च धर्म माना गया है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज का मूल उद्देश्य ‘संसार का उपकार करना’ है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि हर व्यक्ति समाज के लिए थोड़ा समय निकाले, तो जरूरतमंदों की पीड़ा कम की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत उन्नति के साथ-साथ मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें।
संवेदनशील सोच से सफल होते हैं कार्य: तुषार आर्य
कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले तुषार आर्य ने कहा कि सेवा कार्य संसाधनों से नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और सकारात्मक भावना से सफल होते हैं। उन्होंने युवाओं और सक्षम लोगों से आग्रह किया कि वे आगे आकर ऐसे अभियानों का हिस्सा बनें।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में हेमा सक्सेना, ऋचा श्रीवास्तव और तुषार आर्य की विशेष भूमिका रही। उपस्थित लोगों ने कार्यकर्ताओं के सेवाभावी व्यक्तित्व की सराहना की। आर्य समाज सेक्टर 6 भिलाई ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है।










