

-
धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार होंगे विधानसभा चुनाव;
-
चुनावी तैयारियों पर केंद्र और निर्वाचन आयोग का विशेष ध्यान
नई दिल्ली।
भारत निर्वाचन आयोग आज दोपहर तीन बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने जा रहा है, जिसमें जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया जाएगा। यह ऐलान खासतौर पर जम्मू-कश्मीर के लिए महत्वपूर्ण है, जहां धारा 370 हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के अधिकारियों के साथ इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठकें की थीं।
हरियाणा की बात करें तो यहां विधानसभा की कुल 90 सीटों में से वर्तमान में तीन सीटें खाली हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 41, कांग्रेस के 29, जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के 10, और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) और हरियाणा लोकहित पार्टी (HLP) के एक-एक विधायक हैं, जबकि सदन में पांच निर्दलीय विधायक भी हैं।
जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के हटने के बाद से ही राजनीतिक दल राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे थे। सरकार ने इस पर कहा था कि पहले चुनाव कराए जाएंगे, उसके बाद ही राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में चुनाव तीन से चार चरणों में कराए जा सकते हैं।
परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जम्मू-कश्मीर विधानसभा में सीटों की संख्या अब 90 हो गई है, जिसमें जम्मू में 43 और कश्मीर में 47 सीटों पर चुनाव होने हैं।









