
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
भिलाई नगर में प्लास्टिक की समस्या को लेकर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सर्कुलर मार्केट, जवाहर मार्केट, सब्जी मण्डी, मटन-मछली मार्केट और फल मण्डी में इस रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य व्यापारियों और ग्राहकों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में समझाना था। इस रैली का नेतृत्व जोन आयुक्त सतीश यादव और स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने किया।

रैली की शुरुआत छावनी थाने से हुई और यह व्यापारियों और ग्राहकों को यह समझाने के लिए निकली कि प्लास्टिक का उपयोग, विशेषकर झिल्ली और पन्नी, सेहत के लिए हानिकारक है और यह प्रतिबंधित है। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने बताया कि यह झिल्ली इतनी पतली होती है कि इसका रिसायकल भी नहीं किया जा सकता और यह नालियों को जाम कर देती है, जिससे प्रदूषण बढ़ता है।
गौरतलब है कि प्लास्टिक का नुकसान सिर्फ पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गौ माताओं के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। कई बार देखा गया है कि लोग प्लास्टिक की झिल्ली में सब्जियां और खाने का सामान फेंक देते हैं, जिसे गौ माता खाकर बीमार पड़ जाती हैं और अंततः उनकी मौत हो जाती है। इसके कारण जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया गया।
रैली के दौरान कई व्यापारियों को प्लास्टिक का उपयोग करने के कारण जप्ती बनाया गया। इसके अलावा छोटे ठेले पर सब्जी बेचने वाले व्यापारियों से 2600 रूपये का अर्थदण्ड भी लिया गया। एक उदाहरण के तौर पर, बिटेक इंजीनियर सुबोध सिंह को जब प्लास्टिक में मिर्ची, धनिया, और टमाटर आदि सामान ले जाते हुए देखा गया, तो उन्हें समझाया गया और निगम द्वारा थैला दिया गया। वहीं एक कॉलेज छात्रा ने भी झिल्ली में सब्जी ली थी, जिसे नए थैले के बारे में बताया गया और उसने तुरंत नया थैला खरीद लिया।
इस अभियान में वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक के.के. सिंह, जनसम्पर्क अधिकारी अजय शुक्ला, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे, हेमंत मांझी, मिशन मैनेजर अमन पटले, एकता शर्मा, पीआईयू, अभिनव ठोकने, सुभम पाटनी, शहरी अजीविका मिशन के सी.ओ., सीआरपी आदि उपस्थित रहे।ट









