✍️ डिजिटल डेस्क
रायपुर | रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए सम्मान का पिटारा खुला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस भव्य समारोह के दौरान वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 126 उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को राज्य खेल अलंकरण से नवाजा गया। इसके साथ ही 540 अन्य खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कुल मिलाकर 666 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के बीच 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी और खेल उत्कर्ष मिशन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में घोषणा की कि 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति के द्वार खुल गए हैं। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान पर खिलाड़ी का संघर्ष न केवल उसकी व्यक्तिगत जीत है, बल्कि पूरे देश और प्रदेश का गौरव है। छत्तीसगढ़ सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू किया है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। साय ने बताया कि नवा रायपुर में 67 करोड़ रुपए की लागत से एक विश्वस्तरीय तीरंदाजी एकेडमी और पंडरापाट में 18 करोड़ रुपए की लागत से पहाड़ी कोरवा समुदाय के लिए अकादमी बनाई जा रही है। इसके अतिरिक्त कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विकास किया जा रहा है।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक से मिली नई पहचान
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सहभागिता 1.65 लाख से बढ़कर अब 3.91 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन का भी जिक्र किया। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार का भारतीय टीम में चयन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
वर्ष 2023-24 के विजेता: शहीद राजीव पाण्डेय और अन्य सम्मान
वर्ष 2023-24 के लिए शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार मोनिका साहू (फेंसिंग), सुभाष लहरे (वेटलिफ्टिंग), अनुप यदु (नेटबॉल), राजेश राठौर (नेटबॉल), भूपेन्द्र कुमार गढ़े (सॉफ्टबॉल) और परमानंद (पैरा स्विमिंग) को दिया गया। शहीद कौशल यादव पुरस्कार से दिपांशी नेताम (फेंसिंग), महेन्द्र धुर्वे (वॉलीबॉल), अमित कुमार (एथलेटिक्स) और राकेश कडती (सॉफ्टबॉल) को नवाजा गया। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार विकास ढीढ़ी (पैरा जूडो) को मिला। शहीद पंकज विक्रम सम्मान सीता साहू (पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग), करन भारती (वुशू), प्रियंका ठाकुर (वुशू), शशांक मसीह (रायफल शूटिंग), राजीव साहू (टेबल टेनिस), काजल (टेबल टेनिस), भूमिका उपाध्याय (हॉकी) और अजिंक्या सिंह (तैराकी) को प्रदान किया गया। शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रवेश चढ्ढा (शूटिंग), विजय बहादुर (हैंडबॉल), लक्ष्मण लाल साहू (कुश्ती), के. रवि शंकर (टेबल टेनिस) और गिरिराज बागड़ी (टेबल टेनिस) को मिला। मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर वर्ग में बिलासपुर की पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग टीम ने जीती।
वर्ष 2024-25 के राज्य खेल अलंकरण विजेता
इस वर्ष शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार ज्ञानेश्वरी यादव (वेटलिफ्टिंग), ईशान भटनागर (बैडमिंटन), दिव्यांशु नेताम (फेंसिंग), भूमि गुप्ता (तैराकी), सोनम शर्मा (नेटबॉल), कलाराम पटेल (पैरा एथलेटिक्स) और लोमेन्द्र साहू को मिला। शहीद कौशल यादव पुरस्कार मानस भट्टाचार्य (बैडमिंटन) और सुखदेव (पैरा एथलेटिक्स) को दिया गया। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार अशोक कुमार साहू (कयाकिंग एवं कैनोइंग) को प्राप्त हुआ। शहीद पंकज विक्रम सम्मान सुमन यादव (फुटबॉल), रोहित रजक (हॉकी), गीतांजलि निर्मलकर (हॉकी), के.एस. साई प्रशांत (टेबल टेनिस), सुष्मिता सोम (टेबल टेनिस), रामकृष्ण साहू (पैरा स्विमिंग), स्वाति साहू (पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग), साकेत सामुएल (रायफल शूटिंग), अमन तिवारी (वुशू) और मानसी डुंभरे (वुशू) को दिया गया। शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रभा हुसैन (एथलेटिक्स), संगीता राजगोपालन (बैडमिंटन), गामा यादव (कुश्ती) और प्रनय नन्द मजूमदार (टेबल टेनिस) को मिला। मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर महिला वर्ग में बिलासपुर की तीरंदाजी टीम को मिली।
वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची
वर्ष 2025-26 के लिए शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार विकास कुमार (आर्चरी), किरण पिस्दा (फुटबॉल), दीपांशी नेताम (फेंसिंग), सुजेय तंबोली (बैडमिंटन), आयुष माखिजा (बैडमिंटन), संजू देवी (कबड्डी), रीमा राय (सॉफ्ट टेनिस), मिशा कुमारी (नेटबॉल) और लक्की यादव (पैरा एथलेटिक्स) को मिला। शहीद कौशल यादव पुरस्कार दिव्यांशु देवांगन (शूटिंग), विक्रम राज (आर्चरी), दिव्यांश अग्रवाल (बैडमिंटन), सोनिका राजवाड़े (एथलेटिक्स), स्वप्निल प्रधान (वुशू), भूमिका चौधरी (नेटबॉल), पूजा (नेटबॉल) और निखिल कुमार यादव (पैरा एथलेटिक्स) को दिया गया। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार अजय दीप सारंग (वेटलिफ्टिंग) को मिला। शहीद पंकज विक्रम सम्मान संस्कार दिवान (वुशू), विद्या सिंह (वुशू), अंकुश सिंह (खो-खो), झमिता साहू (खो-खो), हेमशिखर (वॉलीबॉल), अरन्दिम देवनाथ (टेबल टेनिस), स्नेहा न्योगी (जूडो), अनमोल सिंह (जूडो), यश केरकेट्टा (बॉक्सिंग), टुकेश साहू (जिम्नास्टिक), सेमेश्वर सिंह (पैरा स्विमिंग), श्रीकांत पाण्डे (पैरा जूडो) और खुशाल यादव (हॉकी) को प्रदान किया गया। शहीद विनोद चौबे सम्मान गंगेश्वर (एथलेटिक्स), ख्वाजा अहमद (वॉलीबॉल), एवन कुमार जैन (वेटलिफ्टिंग), मो. अकरम खान (वॉलीबॉल) और प्रदीप जोशी (टेबल टेनिस) को मिला। मुख्यमंत्री ट्रॉफी तीरंदाजी सीनियर महिला टीम और सॉफ्ट टेनिस जूनियर बालिका टीम को दी गई।
समारोह में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल, विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।









