✍️ डिजिटल डेस्क
रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आज छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को करीब से जाना। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के जीवन और उनके योगदान पर केंद्रित एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया, जो प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के संघर्ष और सफलता को बयां करती है।
खेल दिग्गजों के संघर्ष और गौरव की गाथा
आयोजित फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन और खेल जगत में उनके योगदान को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसमें शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे जैसे महान सपूतों के जीवन संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को प्रमुखता दी गई है। साथ ही प्रदर्शनी में वीर हनुमान सिंह की खेल साधना और उनके उल्लेखनीय योगदान को भी प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
‘हमारे खिलाड़ी’ बुक में दर्ज हुआ प्रतिभाओं का सफर
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हमारे खिलाड़ी’ नामक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस किताब को खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जनसंपर्क विभाग ने मिलकर तैयार किया है। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, उनकी खेल यात्रा और महत्वपूर्ण उपलब्धियों का आकर्षक संकलन किया गया है। यह पुस्तक प्रदेश की खेल विरासत को सहेजने और दस्तावेजीकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
इस राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके अलावा विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।








