



- घर बैठे बनवाएं आयुष्मान कार्ड, डोर-टू-डोर अभियान से मिलेगी सुविधा
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
जिला कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के आदेश पर कमिश्नर सुमित अग्रवाल के निर्देश में कल से डोर-टू-डोर अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि आर्थिक कमी की वजह से कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रह सके। जिला एवं नगर निगम प्रशासन की पहल से अधिकारी व कर्मचारी घर-घर जाकर गरीबों को इस योजना का लाभ पहुंचा रहे हैं। इस अभियान से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि छुटे हुए शहरी क्षेत्रों के लोग भी आसानी से इस योजना का लाभ उठा सकें। राज्य में प्राथमिकता वाले राशन कार्डधारक परिवारों को प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि अन्य राशन कार्डधारकों को प्रति परिवार 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की टीम द्वारा सोमवार से शहर के 60 वार्डों में विभिन्न चरणों में घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा और आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। प्रथम चरण में 17 वार्डों में जहां सबसे अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु कार्य लंबित है, वहां घर-घर सर्वे किया जाएगा। इन 17 वार्डों में 18 से 22 नवंबर तक सर्वे कर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जिन लोगों का आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बना है या अपडेट नहीं हुआ है, वे सर्वे के दौरान अपना कार्ड अपडेट करवा सकते हैं और नया आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके अलावा, 17 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक भी अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
जानें, 18 से 22 नवंबर को किन वार्डों में पहुंचेगी टीम:
- बोरसी वार्ड नंबर 52
- कचहरी वार्ड 39
- पोटियाकला उत्तर वार्ड 53
- पोटिया कला दक्षिण वार्ड 54
- केलाबाड़ी वार्ड 41
- सिकोला भाठा उत्तर वार्ड 16
- उरला पूर्व वार्ड 58
- औद्योगिक नगर वार्ड 17
- कातुलबोड़ उत्तर वार्ड 59
- तकिया पारा वार्ड 8
- शिव पारा वार्ड 34
- शहीद भगत सिंह दक्षिण वार्ड 19
- नया पारा वार्ड 1
- पद्मनाभपुर पूर्व वार्ड 46
- मोहन नगर पूर्व वार्ड 13
- बोरसी उत्तर वार्ड 51
- तितुरडीह वार्ड 21
इन वार्डों में पात्र हितग्राहियों की जानकारी जुटाकर तुरंत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।





