भिलाई / दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
इस्पात नगरी भिलाई में बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से होने वाली श्री हनुमंत कथा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। जयंती स्टेडियम के बाजू वाले मैदान में 24 दिसंबर से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर पूरा माहौल राममय हो गया है। आयोजन स्थल पर विशाल डोम शेड और अन्य व्यवस्थाओं के लिए दिन-रात काम चल रहा है।
दिन-रात चल रहा डोम और सफाई का कार्य
कथा के आयोजनकर्ता ‘सेवा समर्पण समिति’ के संयोजक राकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में तैयारियां अनवरत जारी हैं। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम स्थल पर डोम शेड निर्माण के लिए कर्मचारी रात-दिन पसीना बहा रहे हैं। साथ ही, समिति के सदस्य भी कथा स्थल की साफ-सफाई और व्यवस्था बनाने में अपनी सेवाएं निरंतर दे रहे हैं।
वालंटियर बनने के लिए उमड़ रही भीड़
कथा के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए सेवा समर्पण समिति ने वालंटियर्स (स्वयंसेवकों) का चयन शुरू कर दिया है। इसके लिए कार्यालय में विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं।
-
नियम: वालंटियर कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड की दो फोटो कॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होंगी।
-
उत्साह: बाबा के प्रति आस्था का आलम यह है कि केवल दुर्ग-भिलाई ही नहीं, बल्कि रायपुर और राजनांदगांव से भी लोग सेवा देने के लिए अपना वालंटियर कार्ड बनवाने पहुँच रहे हैं।
भक्तों को आमंत्रण
आयोजनकर्ता राकेश पाण्डेय ने क्षेत्र के सभी हनुमान भक्तों और धर्मप्रेमी बंधुओं को कथा श्रवण करने के लिए सादर आमंत्रित किया है। 24 दिसंबर से शुरू होने वाले इस महायज्ञ के लिए समिति पूरी तरह तैयार है।










