कवर्धा।
उपमुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने जिले के नागरिकों से आगामी 14 जुलाई, सावन के पहले सोमवार को आयोजित होने वाली बुढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव महादेव मंदिर तक की पदयात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, युवाओं व महिलाओं से विशेष रूप से अपील की है कि वे इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि सावन मास सनातन धर्म में शिव भक्ति व साधना के लिए विशेष महत्व रखता है। कवर्धा की धार्मिक परंपरा के अनुसार, हर वर्ष बुढ़ा महादेव से भोरमदेव तक पदयात्रा का आयोजन होता है, जो श्रद्धा, एकता और भक्ति का प्रतीक है। इस वर्ष यह पदयात्रा 14 जुलाई, सोमवार को प्रातः 7 बजे बुढ़ा महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी।
ऐतिहासिक पदयात्रा में शामिल होने की अपील
श्री विजय शर्मा ने जिलेवासियों से इस ऐतिहासिक व आस्थापूर्ण पदयात्रा में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आस्था का ही प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण व सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक है।
परिवार, मोहल्ले व गांव के साथ जुड़ने का निवेदन
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भोरमदेव पदयात्रा को एक यादगार आयोजन बनाने के लिए जिले के सभी नागरिकों से निवेदन किया है कि वे अपने परिवार, मोहल्ले और गांव के लोगों के साथ बड़ी संख्या में शामिल हों और इस पवित्र यात्रा को सफल बनाएं।









